अपने गुरु से सम्मोहन की कला सीखकर बदमाशों ने ठगी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। घर में अकेली महिलाओं को देखकर आरोपी बहाने से वहां पहुंचते। इसके बाद उनको सम्मोहित कर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। उत्तरी जिले की सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने महिला से ठगी के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान तिलक नगर, दिल्ली निवासी गुरमीत सिंह (32), कृपाल सिंह (36) और पंजाब निवासी गुरदीप सिंह उर्फ लवली (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह हजार रुपये और कुछ जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि आठ जुलाई को किशनगंज निवासी मंजू देवी (26) के घर में तीन युवक बहाना बनाकर घुस गए। मंजू के पति कृष्ण कुमार रेलवे में जूनियर इंजीनियर हैं। आरोपियों ने गुरुद्वारे के नाम पर दान देने के लिए कहा। बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला को सम्मोहित किया।
इसके बाद महिला ने घर में रखा कैश और पहने हुए जेवरात आरोपियों के हवाले कर दिए। बाद में आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित की शिकातय पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। एसएचओ शीशपाल व अन्यों की टीम ने आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को कुछ सुराग मिले। आरोपियों की बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस की टीम तिलक नगर आरोपियों तक पहुंची। बाद में तीनों आरोपी गुरमीत, कृपाल और गुरदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक, कुछ कैश और जेवरात बरामद कर लिये। आरोपी गुरमीत व गुरदीप ने बताया कि वह गैंग के सरगना है। दोनों ने स्कूल की पढ़ाई छोड़ने के बाद अपने गुरु से सम्मोहिन की कला सीखी और ठगी की वारदातों को अंजाम देने लगे। आरोपी अकेली महिला को देखकर उसे बातचीत में लगाते और ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।