दिल्ली के पांडव नगर में सोमवार सुबह कॉलेज के लिए घर से निकली डीयू की छात्रा प्रतिष्ठा (20) को चार्टर्ड बस ने टक्कर मार दी। छात्रा की मौके पर मौत हो गई।
हादसा यूपी लिंक रोड पर दिल्ली पुलिस अपार्टमेंट के पास हुआ। आरोपी बस चालक संजय (35) को गिरफ्तार कर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रतिष्ठा 168/11, रेलवे क्वॉर्टर, मिंटो रोड पर रहती थी। वह नेहरू नगर स्थित पीजीडीएवी कॉलेज में बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। उसका भाई मयूर विहार फेज-1 पॉकेट-3 में रहता है।
कुछ दिनों से प्रतिष्ठा अपने भाई के घर रहने के लिए आई हुई थी। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह मयूर विहार से कॉलेज के लिए निकली। इस बीच दिल्ली पुलिस अपार्टमेंट के सामने सड़क पार करने के दौरान अक्षरधाम मंदिर की ओर से आई बस ने उसे कुचल दिया।