चार वर्षीय पाठ्यक्रम के अवलोकन के लिए समय कम
अकादमिक मामलों पर स्थायी समिति की बैठक में दिल्ली विश्वविद्यालय में 19 विभागों द्वारा तैयार किए गए पहले सेमेस्टर के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों पर चर्चा हुई। बैठक में सदस्यों की ओर से महज 12 घंटे पहले एजेंडा आइटम देने पर आपत्ति जताई। बैठक में सदस्यों की ओर से कहा गया कि कई विभागों ने पाठ्यक्रम को हितधारकों के लिए सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध नही कराया था। ऐसे में पाठ्यक्रम की सामग्री और गुणात्मक सुझावों पर विचार-विमर्श कम समय में नहीं किया जा सकता। बैठक में प्रशासन ने सदस्यों से पाठ्यक्रम को लेकर सलाह उपलब्ध कराने को कहा। अच्छी सलाह होने पर उसे स्वीकार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि पाठ्यक्रम पर चर्चा के लिए दो बैठकें होंगी। उसके बाद ही पाठ्यक्रम को अकादमिक कॉउन्सिल की बैठक में पास कराने के लिए रखा जाएगा।
दाखिले के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि आज
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी में प्रवेश के लिए बृहस्पतिवार यानी 30 जून आवेदन पत्र भरने की आखिरी तारीख है। इससे पहले डीयू ने जून के दूसरेे सप्ताह में तिथि को आगे बढ़ाकर 30 जून किया था।
डीयू पीजी में दाखिले के लिए सामान्य वर्ग, ओबीसी और आर्थिक रुप से कमजोर श्रेणी के आवेदकों को प्रति कोर्स 750 रुपये व एससी-एसटी व पीडब्ल्यूडी श्रेणी के आवेदकों को प्रति कोर्स 300 रुपये के आवेदन शुल्क का भुगतान करना है। डीयू के पीजी कोर्सेज में दाखिले के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (डीयूईटी) आयोजित किया जाता है।