दिल्ली विश्वविद्यालय ने वर्ष 2021 में पास हुए स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के सभी छात्रों की डिग्री तैयार कर दी है। कुल 92, 835 डिग्री दो सप्ताह के भीतर उनके सेंटर पर भेज दी जाएगी। यह पहला मौका है जब परीक्षा शाखा ने दीक्षांत समारोह वाले साल में ही डिग्री तैयार कर जारी कर दी है। अब तक डिग्री जारी होने में अधिक समय लग जाता था। इस कारण से छात्रों को जरुरत के समय डिग्री नहीं मिल पाती थी और वह परीक्षा शाखा के चक्कर लगाते रहते थे।
डीयू परीक्षा शाखा डीन प्रो. डीएस रावत ने बताया कि वर्ष 2021 में पास हुए एसओएल के सभी छात्रों की डिग्री तैयार है। इन्हें दो सप्ताह के भीतर उनके सेंटर पर भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले डिग्री पाने में छात्रों को सालों लग जाते थे। वहीं पूरी डिग्री भी प्रिंट नहीं होती थी, क्योंकि छात्रों का पूरा डेटा नहीं मिल पाता था। मसलन यदि किसी सेंटर पर 1500 छात्र हैं तो वहां से 1200 का डेटा ही आ पाता था। जिन को डिग्री नहीं मिलती थी फिर वो परीक्षा शाखा के चक्कर लगाते थे।
प्रो. रावत ने बताया कि अब हमने फैसला लिया है कि जैसे ही जितने रिजल्ट निकलेंगे उतनी ही डिग्री प्रिंट कर दी जाएगी। ऐसे में सालों का काम कुछ महीनों में होने लगा है। इससे छात्रों को डिग्री पाने के लिए लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ रहा है। परीक्षा शाखा ने बीते माह ही नियमित कॉलेज केछात्रों की 85 हजार डिग्री भी जारी की है। बीते डेढ़ साल में परीक्षा शाखा की ओर से चार सालों की 8 लाख 19 हजार डिग्री प्रिंट की जा चुकी हैं।