नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुई हिंसा के कारण परिवहन विभाग को अब तक करीब तीन करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
डीटीसी-क्लस्टर की पांच बसें (एक एसी, चार नॉन एसी) जला दी गईं। इनकी कुल कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये थी। 18 क्षतिग्रस्त बसों की मरम्मत पर भी 50 लाख रुपये तक खर्च होने की संभावना जताई गई है।
जामिया में हुई हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने डीटीसी की एक एसी सहित तीन बसों को आग के हवाले कर दिया था। डीटीसी की चार बसों के अलावा क्लस्टर की 14 बसों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
एक एसी की कीमत करीब 70 लाख और सामान्य लो फ्लोर बस की कीमत 45 लाख रुपये है। तोड़फोड़ और आगजनी के कारण डीटीसी के बेड़े में बसों की संख्या 23 और कम हो गई है। इसका खामियाजा यात्रियों को रोजाना भुगतना पड़ेगा।