दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया जो नेपाल से गांजा लाकर दिल्ली व पड़ोसी राज्यों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने सप्लायर समेत तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 10.369 किलो गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंटरस्टेट सेल चाणक्यपुरी में तैनात इंस्पेक्टर सतेंद्र मोहन को सूचना मिली थी कि दो मादक पदार्थ तस्कर यूपी में जालौन जिला के उरई में रूरा अड्डू निवासी अमित सिंह चौहान (32) व मध्य प्रदेश में दतिया के गांव उधावा निवासी सुरजीत सिंह चौहान (33) दिल्ली व पड़ोसी राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी करने में लगे हुए हैं। ये दोनों चरस की खेप देने साकेत, दिल्ली एरिया में आएंगे।
एसीपी रमेश लांबा की देखरेख में इंस्पेक्टर सतेंद्र मोहन व रामपल की टीम ने प्रेस एन्क्लेव रोड पर 26 जुलाई को घेराबंदी की। दोनों के पास पिट्ठू बैग था। संदेह होने पर उन्हें रोका और बैग की तलाशी लेने पर 10.369 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए गांजे की सप्लाई करते थे। ये उरई से गांजे की खेप लेकर आए थे।
अपराध शाखा डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि इनसे पूछताछ के बाद इंस्पेक्टर महिपाल की टीम ने कानपुर देहात के सिकंदरा से सप्लायर आदर्श कुमार उर्फ सिलू कटियार (30) को गिरफ्तार कर लिया। आदर्श कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह बिहार निवासी रामबालक से गांजा लेता था। रामबालक नेपाल से गांजा मंगवाता था। रामबालक को यूपी पुलिस ने कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर लिया था।