बवाना इलाके में साइड नहीं देने पर कार सवार युवक ने एक क्लस्टर बस चालक पर गोली चला दी। गोलीबारी में चालक बाल-बाल बच गया। हमलावर बस में चढ़कर चालक के कनपटी में पिस्टल लगा दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश कर रही है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा रहा है कि एक हमलावर बस पर गोली चलाता है। फिर बस को रोककर उसमें सवार हो जाता है। हमलावर चालक की कनपटी में पिस्टल लगाकर उसे गोली मारने की धमकी देता है। उसके बाद वह चला जाता है।
बताया जा रहा है कि घटना बवाना इलाके की है। चालक के कार चालक को साइड नहीं देने पर कार सवार बदमाश बस को ओवरटेक करता है। बस के आगे कार लगाने की वजह से चालक को बस रोकनी पड़ती है। बस के रोकते ही हमलावर बस के शीशे पर गोली चलाता है। चालक किसी तरह से अपने आप को बचाता है। उसके बाद हमलावर बस में चढ़कर उसके कनपटी में पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी देता है और वहां से चला जाता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर वारदात में शामिल हमलावर की पहचान करने की कोशिश कर रही है।