फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Corona Report: दिल्ली में बिगड़ रहे हालात, सामने आए 10 हजार से अधिक मामले, आठ मरीजों ने तोड़ा दम

Thu, 06 Jan 2022 03:09 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कुल कोरोना संक्रमितों की बात करें तो यह संख्या 23,307 हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सकारात्मकता दर 11.08 फीसदी हो चुकी है। 
विज्ञापन
कोरोना की जांच कराते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते एक दिन में संक्रमण के दैनिक मामलों में करीब दोगुना बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 10 हजार से अधिक लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। साथ ही इस बीच आठ मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा दैनिक संक्रमण दर में करीब दो फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि राजधानी में ओमिक्रॉन की वजह से कोरोना संक्रमण फैल रहा है। जैन ने कहा कि दिल्ली में ये कोरोना की पांचवीं लहर है। 

विज्ञापन


विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 89742 सैंपल की जांच हुई थी जिनमें 11.88 फीसदी सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 10665 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि 2239 मरीजों को छुट्टी दी गई। इसी के साथ ही राजधानी में कुल मामले बढ़कर 14,74,366 हुए हैं जिनमें से 14,25,938 मरीज ठीक हुए हैं लेकिन 25121 मरीजों की मौत हुई है। फिलहाल राजधानी में सक्रिय मरीजों की संख्या 23307 हुई है। वहीं पिछले एक दिन में एक हजार से अधिक इलाके कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिए गए। दिल्ली में अभी 3908 इलाके कंटेनमेंट जोन में हैं। 

विभाग ने बताया कि संक्रमित मरीजों की संख्या अस्पतालों में भी बढ़ी है। अभी 782 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। एक दिन पहले इनकी संख्या 531 थी। 782 में से 69 मरीज संदिग्ध हैं। जबकि 103 मरीज दिल्ली से बाहर राज्यों के निवासी हैं। अभी 551 मरीजों का उपचार कोरोना के सामान्य वार्ड में चल रहा है लेकिन 140 मरीजों को ऑक्सीजन थैरेपी दी जा रही है। वहीं 22 मरीजों की हालत गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। एक दिन पहले 14 मरीज वेंटिलेटर पर थे। 
विज्ञापन


विभाग ने यह भी बताया कि संक्रमण के साथ साथ टीकाकरण भी आगे बढ़ाया जा रहा है। पिछले एक दिन में 1.98 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है। अब तक राजधानी में 1.13 करोड़ लोग दोनों खुराक लेकर टीकाकरण पूरा कर चुके हैं। 



पूर्वी दिल्ली के मेयर भी कोरोना संक्रमित
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भाजपा सांसद मनोज तिवारी के बाद अब पूर्वी दिल्ली के मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल कोरोना संक्रमित हो गए। बुधवार को उन्होंने स्वयं इसकी जानकारी दी है। उन्होंने स्वयं को घर में अलग कर लिया है।

उन्होंने बताया कि वह दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुए हैं। मंगलवार को उन्हें हल्का बुखार आया और गले में खराश हुई थी। कोरोना टेस्ट कराने पर उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे उन्होंने बुधवार को सदन की बैठक में भी हिस्सा नहीं लिया। वह अपनी स्थिति की निगरानी के लिए एक डॉक्टर से परामर्श कर रहे है। मेयर ने बताया कि वह पहली बार जून 2020 में संक्रमित हुए थे।  

62 से ज्यादा लोगों में मिला ओमिक्रॉन वैरिएंट
कोरोना संक्रमण के साथ साथ ओमिक्रॉन के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले एक दिन में ही 62 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद राजधानी में कुल ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या बढ़कर 464 हुई है। इनमें से अब तक 95 मरीजों को छुट्टी मिल गई है लेकिन अभी भी 369 कोरोना मरीजों का उपचार चल रहा है। 

जानकारी मिली है कि पिछले तीन दिन में किसी भी ओमिक्रॉन संक्रमित रोगी को छुट्टी नहीं मिली है। सरकारी आंकड़ों से यह भी पता चला है कि अब बगैर ट्रैवल हिस्ट्री वालों में ओमिक्रॉन देखने को मिल रहा है। कई मरीज ऐसे हैं जिन्हें परिवार या स्वयं विदेश यात्रा पर नहीं गए थे लेकिन वह कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं और उनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि भी हुई है। 

हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया था कि दिल्ली में अब सामुदायिक स्तर पर भी ओमिक्रॉन के मामले सामने आ रहे हैं। इसी को लेकर उन्होंने कहा था कि ओमिक्रॉन का दिल्ली में सामुदायिक प्रसार हुआ है। अब तक दिल्ली में 655 से अधिक सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग हुई है जिनमें से 332 से अधिक सैंपल में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है जबकि अन्य सैंपल में डेल्टा वैरिएंट भी मिल रहा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें