आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने करीब दो माह पहले पंजाब से राज्यसभा के सदस्य चुने के जाने के बाद राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया था। इस कारण क्षेत्र का उपचुनाव छह माह के दौरान होना है।
दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में राजनीतिक दलों को उम्मीदवार तय करने में कदम फूंक फूंककर रखना होगा। इस मामले में इलाके के नेताओं की अनदेखी करना उनके लिए महंगा पड़ सकता है। इलाके के नेताओं ने पोस्टर जारी करके समस्त राजनीतिक दलों से आग्रह करने के साथ-साथ चेतावनी है कि आगामी चुनाव में इस बार बाहरी उम्मीदवार स्वीकार नहीं होगा। इस संबंध में समस्त इलाके में पोस्टर लगाए गए हैं। इस तरह उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि इलाके के नेता को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने की स्थिति में वह बगावत एवं भीतरघात करेंगे।
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने करीब दो माह पहले पंजाब से राज्यसभा के सदस्य चुने के जाने के बाद राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया था। इस कारण क्षेत्र का उपचुनाव छह माह के दौरान होना है। इसके मद्देनजर आम आदमी पार्टी और भाजपा ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। दोनों ने चुनाव प्रभारी भी नियुक्त कर दिए हैं। उधर दोनों दलों के नेताओं ने भी अपनी उम्मीदवारी के लिए दावेदारी करनी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, ये नेता इलाके में भी सक्रिय हो गए हैं।
वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में आप एवं भाजपा ने बाहरी नेताओं को उम्मीदवार बनाया था। इस बार भी भाजपा एवं आप आदमी पार्टी के कई ऐसे नेता उम्मीदवारी के लिए दावेदारी कर रहे हैं जिनका राजेंद्र नगर इलाके से कोई वास्ता नहीं है। ऐसे नेताओं की दावेदारी का इलाके के नेता अपनी पहचान छुपाते हुए सार्वजनिक तौर पर विरोध करने लग गए हैं। इस कड़ी में इन नेताओं ने पोस्टरबाजी का सहारा लिया है।
विज्ञापन
इलाके के नेताओं ने राजेंद्र नगर विधानसभा मतदाता मंच के माध्यम से निकाले गए पोस्टर में समस्त राजनीतिक दलों से आग्रह एवं उनको चेतावनी दी है। उन्होंने पोस्टर में लिखा है कि इस बार बाहरी उम्मीदवार स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल की चर्चा नहीं की है और अपनी पहचान भी पूरी तरह छुपाकर रखी है, क्योंकि पोस्टर में निवेदक के तौर न तो कोई नाम और न ही कोई फोन नंबर लिखा गया है। उन्होंने निवेदक के तौर पर राजेंद्र नगर विधानसभा मतदाता मंच लिखा है। सूत्रों के अनुसार यह पोस्टर यहां से चुनाव लड़ने के इच्छुक आप व भाजपा के नेताओं ने छपवाकर लगवाए हैं।