संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। अंबेडकर स्टेडियम में रविवार को खेले गए दिल्ली प्रीमियर फुटबॉल लीग के मुकाबले में दिल्ली फुटबॉल क्लब ने नेशनल यूनाइटेड स्पोर्टिंग क्लब पर 3-2 से जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन दिल्ली की टीम फिनिशिंग के मामले में बेहतर साबित हुई।
दिल्ली की ओर से सैमसन केइशिंग ने 48वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान हिमांशु जांगड़ा ने 76वें मिनट और प्रियांशु ने 64वें मिनट में गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। दूसरी ओर, नेशनल यूनाइटेड स्पोर्टिंग क्लब की ओर से कप्तान युमनाम गोपी सिंह ने 31वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी दिलाई। इसके बाद हाओगोउथांग हाओकिप ने 55वें मिनट में एक और गोल कर टीम को बढ़त दिलाने की कोशिश की, लेकिन वे इसे बरकरार नहीं रख सके। रेफरी अनिल गुलिया और उनकी टीम ने मैच का संचालन किया।