स्वामी चिन्मयानंद की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पीड़िता की ओर से चिन्मयानंद के खिलाफ शुक्रवार रात लोदी कॉलोनी थाने में दी गई शिकायत को पुलिस ने एसआईटी, बरेली को भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में न तो कोई एफआईआर दर्ज की है और न ही जीरो एफआईआर।
दक्षिण जिले के नए डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़ित छात्रा ने अपने साथ दुष्कर्म होने की शिकायत दी है। इस बाबत कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को हवाला देकर शिकायत के बारे में बताने से इनकार कर दिया।
बता दें कि शनिवार को एसआईटी ने एसएस कॉलेज पहुंचकर मामले की पड़ताल की थी। इस दौरान एसएस लॉ कॉलेज की छात्राओं और स्वामी चिन्मयानंद के आश्रम के कर्मचारियों से बातचीत की गई थी। इसके बाद देर रात दिल्ली से छात्रा और उसके माता-पिता भाई-बहन कड़ी सुरक्षा के बीच शाहजहांपुर आए।
इससे पहले स्वामी चिन्मयानंद ने मामले पर सफाई देते हुए कहा था कि एक षडयंत्र के तहत उन पर आरोप लगाए गए हैं। एसआईटी की जांच में षडयंत्रकारी सामने आ जाएंगे। उन्होंने कहा था कि जिस नंबर से फिरौती मांगी गई थी उसी नंबर से वीडियो जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि वो एसआईटी को सारे सबूत देंगे कि कौन-कौन षडयंत्र में शामिल थे।