जाफराबाद के चौहान बांगर में 13 अगस्त को हुई छोटा रिजवान की हत्या गैंगवार में हुई थी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिब (18) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में साहिब ने खुलासा किया है कि हाशिम बाबा के करीबी गुर्गे अनस ने सुहेल को छोटा रिजवान की हत्या की सुपारी दी थी।
अनस के कहने पर सुहेल और मेहरान ने हत्या की योजना बनाई। साहिब ने हत्याकांड के लिए स्कूटी का इंतजाम किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुहेल और मेहरान साहिब की स्कूटी पर सवार होकर भागे थे। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर साहिब को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि छेनू के करीबी रिजवान ने जेल में बंद शीबू की गर्लफ्रेंड से शादी कर ली थी। इस बात से शीबू काफी खफा हुआ। उसने अपने दोस्त अनस को रिजवान की हत्या करने के लिए कहा। अनस ने भी आगे अपने गुर्गों को सुपारी दे दी। पुलिस साहिब से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 13 अगस्त को गली नंबर-5, चौहान बांगर, जाफराबाद में छोटा रिजवान (25) नामक युवक की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लोकल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इस दौरान अपराध शाखा के इंस्पेक्टर पंकज मलिक, रोहित कुमार व अन्यों को भी जांच में लगाया गया। टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जांच के बाद साहिब नामक युवक की पहचान हुई। इस दौरान सूचना के बाद पुलिस की टीम ने आरोपी को चौहान बांगर से दबोच लिया। साहिब ने बताया कि वह सुहेल का बचपन का दोस्त है दोनों एक साथ पढ़े हैं। बड़ा गैंगस्टर बनने के लिए वह सुहेल के साथ हत्याकांड में शामिल हुआ।
साहिब के खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। इसके पिता एरिया में जींस पैकिंग की फैक्टरी चलाते हैं। साहिब ने पुलिस की पूछताछ में कबूल किया है कि अनस ने सुहेल को छोटा रिजवान की हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस साहिब से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।