दिल्ली पुलिस में हवलदार (लिपिकीय) पदों के लिए रविवार, 9 मार्च को प्रस्तावित परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
नई तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। वहीं ऐन वक्त पर परीक्षा स्थगित करने के फैसले से दिल्ली पहुंच चुके अथवा दिल्ली के लिए निकल चुके 77 हजार अभ्यर्थियों को भारी परेशानी झेलनी होगी।
दिल्ली पुलिस में हवलदार (लिपिकीय) के 214 पदों के लिए 9 मार्च को लिखित परीक्षा निर्धारित थी। देश भर से करीब 77 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इनमें 3964 महिला उम्मीदवार भी हैं। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत के मुताबिक तकनीकी कारणों से इस परीक्षा को रद्द किया गया है।
यह भी पढ़ें: व्यापारियों के लिए 9 को फिर लगेगी बीजेपी की चौपाल
उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए नई तारीख की घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। मगर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि शनिवार, 8 मार्च को सिपाही पद के लिए हुई लिखित परीक्षा में कुछ ऐसे प्रश्न थे जो हवलदार की परीक्षा के पेपर में भी रख दिए गए हैं। अब दिल्ली पुलिस के अधिकारी इसे प्रिंटिंग प्रेस की गलती बता कर मामला दबा रहे हैं।
वहीं दिल्ली पुलिस मुख्यालय में शनिवार को हवलदार की परीक्षा का पर्चा लीक होने की चर्चा भी रही। परीक्षा स्थगित किए जाने के फैसले का अहम कारण इसे ही बताया जा रहा है। जबकि परीक्षा कराने के लिए दिल्ली पुलिस की पूरी तैयारी हो चुकी थी। अधिकारियों और कर्मियों की ड्यूटी लग गई थी।
परीक्षा लेने वाले पूरे स्टाफ को ब्रीफ कर दिया गया था। लेकिन गड़बड़ी सामने आने पर पूर्व संध्या पर परीक्षा स्थगित करने का फैसला ले लिया गया। इससे उम्मीदवार काफी परेशान दिखाई दिए।
उम्मीदवार पुलिस मुख्यालय में फोन कर परीक्षा स्थगित होने के समाचार को कंफर्म करते रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत उन अभ्यर्थियों को होगी, जो देश के कोने-कोने से परीक्षा देने दिल्ली पहुंच चुके हैं अथवा दिल्ली के लिए निकल चुके हैं।