उन्होंने दिल्ली में अपराध बढ़ने की बात को गलत बताते हुए कहा कि राजधानी में जघन्य अपराध काफी कम हुए हैं। जनरल गश्त एक रुटीन अभ्यास है, जो समय-समय पर होता रहता है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस आयुक्त की ओर से जनरल गश्त के निर्देश मिले थे। सभी जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सड़कों पर गश्त के लिए कहा गया था। देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस आयुक्त दोनों स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर के साथ गश्त पर निकल गए।
उन्होंने दक्षिण-पूर्व व दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों को दौरा किया और स्टाफ का मनोबल बढ़ाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गश्त के लिए छह हजार पुलिसकर्मियों को विशेष तौर से तैनात किया गया था। राजधानी की विभिन्न सड़कों पर 600 पिकेट लगाकर करीब 16 हजार वाहनों की जांच की गई।
तीन हजार लोगों से पूछताछ के बाद 185 के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने कहा कि समय-समय पर ऐसी गश्त होती रहती हैं।
आयुक्त का कहना है कि राजधानी में जघन्य अपराधों में तेजी से कमी आई है। बता दें कि अगले साल राजधानी में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राजधानी की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आयुक्त ने ऐसी गश्त लगातार करने के लिए कहा है।