ध्रुव मेहरा सपरिवार बुराड़ी इलाके में रहता है। वह यू-ट्यूब पर वीडियो बनाता है। उसने बताया कि बुधवार रात वह किसी काम से उत्तम नगर जा रहा था। वह मुकरबा चौक से ऑटो से समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन जाने के निकला। रास्ते में ऑटो सवार दो युवकों ने उसकी गर्दन पर चाकू रखकर जेब में रखा पर्स, मोबाइल फोन और आधार कार्ड लूट लिया।
इसके बाद कुछ दूर जाने के बाद युवकों ने पीड़ित को ऑटो से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और ऑटो लेकर अलीपुर की ओर भाग गए। राहगीर से मोबाइल लेकर पीड़ित ने अपने भाई पुनीत को फोन कर बुलाया और फिर पुलिस को घटना की शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित और उसके भाई को लेकर थाने पहुंची। थाने पहुंचते ही पीड़ित ने वहां लूटपाट करने वाले युवकों को देखा। उसने जांच अधिकारी को बदमाशों के बारे में बताया।
सत्यापन के लिए थाने लाए थे पुलिस कर्मी
पता चला कि पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने शक होने पर ऑटो से जा रहे युवकों को रोका था और उनका सत्यापन करने के लिए थाने लेकर आए थे। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर तीनों आरोपी को लूटपाट के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सभापुर गांव निवासी फैजान, सरफराज और ऑटो चालक की पहचान शिवम के रूप में हुई।