एक ही संपत्ति को गिरवी रख करोड़ों ठगे
एक ही संपत्ति को बैंक और फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर तीन करोड़ से ज्यादा रुपये का गबन करने वाले आरोपी को आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नारायणा निवासी पवन मोघा के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि ग्लोबल फाइनेंस लिमिटेड के एक प्रतिनिधि ने साल 2020 में करोड़ों रुपये के गबन की शिकायत की। शिकायत में बताया कि गणेश ट्रेडिंग कंपनी के मालिक गंभीर और पत्नी रेणुका ठाकुर ने नारायणा स्थित एक संपत्ति को गिरवी रखकर 2.77 करोड़ रुपये का कर्ज लिया। लेकिन वह कर्ज को वापस नहीं कर पा रहे थे।
जांच करने पर पता चला कि उस संपत्ति को पहले ही एक सरकारी बैंक में गिरवी रखकर 1.5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया जा चुका है। इस संपत्ति को बैंक ने नीलाम कर दिया था। जांच में पता चला कि संपत्ति का मालिक पवन मोघा और पत्नी रजनी मोघा थे। दोनों ने इस संपत्ति को कई लोगों को बेचा। कुछ साल पहले आरोपी पवन की मुलाकात गंभीर से हुई।
दोनों ने उसी संपत्ति पर दूसरे बैंक से कर्ज लेने के लिए साजिश रची। इसके बाद पवन मोघा ने गंभीर की पत्नी रेणुका ठाकुर के पक्ष में इस संपत्ति को बेच दिया। साक्ष्य मिलने के बाद निरीक्षक विजय पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी पवन को नारायणा से गिरफ्तार कर लिया।