दिल्ली के तकनीकी विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए रूपरेखा तैयार हो गई है। नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (एनएसयूटी) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। तकनीकी विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए छात्र आगामी 25 सितंबर तक पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया एक सितंबर से शुरू होगी व छात्रों को ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग (जैक) दिल्ली के पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
जैक दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. जेके मिश्रा ने बताया कि बीते सोमवार को होनी वाली बैठक में तय किया गया है कि छात्रों को पंजीकरण के लिए 25 दिन दिए जाएंगे। जेईई मेंस पास छात्र जैक दिल्ली पर पंजीकरण कर सकते हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि छात्रों को अपनी शैक्षणिक जानकारी उपलब्ध करानी होगी, जो छात्र किसी श्रेणी के तहत आवेदन कर रहे हैं, उन्हें अपनी श्रेणी के दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। दाखिले के लिए छात्रों के दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा। दाखिला प्रक्रिया के दौरान छात्रों के पास एक ओटीपी जाएगा। वहीं, दाखिले से जुड़ी सभी जानकारी मोबाइल व ई-मेल के माध्यम से भी मिलेगी।
जैक दिल्ली में दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू), एनएसयूटी, दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू), इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफोर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (आईआईआईटी) व इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी महिला विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) शामिल है।
26 को रक्षा श्रेणी के छात्रों का सत्यापन
प्रोफेसर जेके मिश्रा के मुताबिक, 25 सितंबर को पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 26 सितंबर को रक्षा श्रेणी से आवेदन करने वाले छात्रों के दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद अन्य श्रेणियों का भी दस्तावेज का सत्यापन होगा।
अक्तूबर से दाखिले शुरू होने की संभावना विश्वविद्यालय के एक अधिकारी का कहना है कि पंजीकरण व दस्तावेज के सत्यापन में ही सितंबर का आखिरी सप्ताह लगने की संभावना है। ऐसे में अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही दाखिला प्रक्रिया शुरू हो सकती है। दाखिले को लेकर अलग-अलग चरणों में काउंसलिंग होगी। इसके तहत पांच विश्वविद्यालयों की सीटों को भरा जाएगा। सीटें खाली रहने पर स्पॉट चरण की काउंसलिंग चलेगी। यदि फिर भी सीटें खाली रह जाती हैं तो विशेष चरण की काउंसलिंग से छात्रों को दाखिले का अवसर दिया जाएगा।