दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सोमवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण कश्मीरी गेट से समयपुर बादली के बीच मेट्रो सेवा प्रभावित हुई, जिसका असर पूरी येलो लाइन पर दिखाई दिया। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर डीएमआरसी से इस बाबत तमाम शिकायतें की।
येलो लाइन पर दोपहर करीब 12:50 बजे मेट्रो सेवा में रुकावट आनी शुरू हुई। इस दौरान कश्मीरी गेट और समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन सेक्शन के बीच मेट्रो सेवा प्रभावित होने की जानकारी डीएमआसी ने सोशल मीडिया के जरिये यात्रियों को दी।
इस सेक्शन पर कश्मीरी गेट, सिविल लाइंस, विधानसभा, विश्वविद्यालय, जीटीबी नगर, मॉडल टाउन, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, रोहिणी सेक्टर-18 व 19 और समयपुर बादली के बीच चलने वाली 12 मेट्रो ट्रेन प्रभावित हुईं।
यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार 10 मिनट से ज्यादा करना पड़ा। इस बीच ट्रेनें बेहद धीमी गति से चलाई गईं और काफी देर तक आउटर पर भी रोकी गईं। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।