उत्तरी दिल्ली से नोएडा, गाजियाबाद, पूर्वी दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है कि अब उन्हें ट्रैफिक जाम की बजाय दिल्ली मेट्रो में सफर का मौका मिलेगा। दिल्ली मेट्रो अगस्त के आखिर तक शिव विहार मेट्रो स्टेशन से त्रिलोकुपरी मेट्रो स्टेशन तक लाइन खोलने जा रहा है।
इस लाइन के खुलने से यात्रियों को सड़क मार्ग के रास्ते ट्रैफिक से निजात मिलने के साथ समय की भी बचत होगी। खास बात यह है कि मेट्रो प्रबंधन पिंक लाइन पर ही लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन से मयूर विहार फेज एक मेट्रो स्टेशन तक लाइन सितंबर में शुरू कर देगा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) प्रबंधन के मुताबिक, शिव विहार से मजलिस पार्क के बीच चलने वाली पिंक लाइन पर शिव विहार मेट्रो स्टेशन से त्रिलोकपुरी मेट्रो स्टेशन तक लाइन को खोलने की तैयारी पूरी हो गयी है।
मेट्रो प्रबंधन इसी हफ्ते कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) को उक्त ट्रैक के निरीक्षण के लिए पत्र लिखेगा। उम्मीद है कि अगस्त के आखिर तक आम लोग इस लाइन पर सफर कर सकेंगे।
तीन इंटरचेंज पर दिल्ली, गाजियाबाद व नोएडा जुड़ेगा
इस लाइन पर शिव विहार, जौहरी इक्लेव, गोकुलपुरी, मौजपुर, जाफराबाद, वेलकम, ईस्ट आजाद नगर, कृष्णा नगर, कड़कडड़ूमा कोर्ट, कड़कडड़ूमा, आईएसबीटी आनंद विहार, आईपी एक्सटेंशन, विनोद नगर, विनोद नगर ईस्ट व त्रिलोकुपरी स्टेशन होगा।
शिव विहार से त्रिलोकपुरी मेट्रो स्टेशन के बीच लाइन खुलने से यात्रियों को आनंद विहार मेट्रो स्टेशन, वेलकम, कड़कडड़ूमा मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
आनंद विहार मेट्रो स्टेशन पर यात्री द्वारका से वैशाली की ओर जाने वाली ब्लू लाइन पर गाजियाबाद जाने के लिए ट्रेन बदल सकेंगे। जबकि वेलकम मेट्रो इंटरचेंज पर यात्रियों को दिलशाद गार्डन से रिठाला के बीच चलने वाली रेड लाइन मेट्रो की सुविधा मिलेगी।
इस इंटरचेंज से यात्री आईएसबीटी कश्मीरी गेट और गाजियाबाद की ओर जा सकते हैं। कड़कडड़ूमा इंटरचेंज से यात्री वैशाली या फिर यमुना बैंक होते हुए नोएडा जा सकेंगे।