चार सितंबर को 71.03 लाख यात्रियों ने किया सफर
कार्बन लाइट मेट्रो ट्रैवल नाम की पहल के माध्यम से यात्रियों को अब सड़क आधारित मोटर वाहनों की तुलना में अपनी मेट्रो यात्रा के दौरान कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ2) उत्सर्जन की औसत मात्रा के बारे में सूचित किया जाता है। चार सितंबर 2023 को दिल्ली मेट्रो में 71.03 लाख यात्रियों ने सफर किया था। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके अलावा कोविड 19 के दौरान भी मेट्रो सुचारित रूप से चलती रही थी।
इसी साल एक नवंबर को दिल्ली मेट्रो में मोमेंटम 2.0 भी लॉन्च किया गया था, जो लाखों लोगो के सफर को सुगम बनाने के लिए लॉन्च किया गया है। एप एकीकृत क्यूआर टिकटिंग (मेनलाइन और एयरपोर्ट लाइन), ई-शॉपिंग विकल्प, सुरक्षित डिलीवरी के लिए डिजिटल लॉकर, स्मार्ट यूटिलिटी भुगतान और अंतिम-मील कनेक्टिविटी विकल्प जैसी सेवाओं से लोगों का मेट्रो सफर काफी आसान हो गया है।
डिजिटल भुगतान को दे रही बढ़ावा
यात्रियों को टिकट बुक करने में आसानी हो इसके लिए टिकट प्रक्रिया को डिजिटल करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा पूरे सिस्टम को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के अनुरूप बनाया गया है और एक क्यूआर कोड-आधारित टिकटिंग प्रणाली भी शुरू की गई है, जिसके तहत अब यात्री ऐप पर क्यूआर कोड पेपर टिकट या क्यूआर कोड टिकट दोनों खरीद सकते हैं। डीएमआरसी ने व्हाट्सएप आधारित टिकटिंग और पेटीएम पर टिकट की शुरुआत की है ताकि यात्री मेट्रो स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही क्यूआर टिकट खरीद सकें। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए डीएमआरसी ने टीवीएम और टीओएम पर यूपीआई के माध्यम से भुगतान की शुरुआत की है।