उनके ड्रेसिंग सेंस और सोशल मीडिया पोस्ट पर परिवार की क्या राय है ये बात पूछने पर उसने कहा कि उसका परिवार इस सब से खुश नहीं है। उसे अपने पड़ोसियों से भी लगातार धमकियां मिलती हैं। लेकिन लोग उसके बारे में क्या कहते हैं इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता।
डीएमआरसी के बयान पर क्या बोली रिदम
रिदम चनाना का दिल्ली मेट्रो वाला वीडियो वायरल होने के बाद डीएमआरसी को बयान जारी कर सफाई देनी पड़ी थी। इस सवाल के जवाब में रिदम ने कहा कि दिल्ली मेट्रो के अंदर कोई वीडियो नहीं बना सकता ऐसा नियम है। यह अजीब बात है कि डीएमआरसी अब अपना ही नियम भूल गई है। अगर उन्हें मेरे कपड़ों से परेशानी है तो उन्हें उससे भी परेशानी होनी चाहिए थी जिसने मेरा वीडियो बनाया।
पब्लिक प्लेस पर बोल्ड कपड़े पहनने का ऐसे किया फैसला
रिदम ने ऐसे कपड़े पब्लिक प्लेस पर पहनने का फैसला कैसे किया के सवाल पर रिदम ने बताया कि ऐसे फैसले एक दिन में नहीं होते, यह एक प्रॉसेस है जिसमें समय लगता है। मैं भी एक रुढ़िवादी परिवार से आती हूं, जहां मुझे मेरी मर्जी का काम करने की इजाजत नहीं थी। फिर एक दिन मैंने तय किया कि जैसा मेरा मन करेगा वो मैं करूंगी क्योंकि ये मेरी जिंदगी है। मैं इस तरह से बीते कई महीने से यात्रा कर रही हूं। लेकिन यह अब वायरल हुआ है। मुझे दिल्ली मेट्रो के पिंक लाइन पर यात्रा करने की इजाजत नहीं मिली लेकिन मुझे अन्य किसी लाइन पर ये समस्या नहीं आई।
19 साल की रिदम ने सुरक्षा को लेकर कही ये बात
रिदम अपनी उम्र 19 साल बताती हैं। जब उनसे बोल्ड कपड़े पहनकर यात्रा के दौरान सुरक्षा का सवाल किया गया तो वह बोलीं, मुझे अब तक ऐसी कोई समस्या नहीं हुई है। हालांकि रोजाना जो टिप्पणियां या सामान्य छेड़छाड़ होती है उसे मैंने इग्नोर करना सीख लिया है।