दिल्ली के उत्तम नगर थाना क्षेत्र में दूसरे युवक से दोस्ती करने से गुस्साए एक युवक ने युवती पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया और उसे धक्का देकर फरार हो गया। धक्का देने से युवती का सिर दीवार से टकरा गया। युवती की मां उसे अचेत अवस्था में पास के अस्पताल में ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शीला नाम की युवती अपने परिवार के साथ उत्तम नगर में रहती थी। रविवार दोपहर पुलिस को अस्पताल से युवती को भर्ती किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी मां के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
युवती की मां ने बताया कि इलाके के रहने वाले विकास ने उस पर हमला किया था। पुलिस ने विकास की तलाश शुरू की। सोमवार को पुलिस ने विकास को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि युवती की विकास से दोस्ती थी।
विकास आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। वाहन चोरी के एक मामले में वह 12 मई को जेल से बाहर आया था। उसने युवती को फोन किया। लेकिन युवती ने उससे बात नहीं की। इस बीच युवक को पता चला कि युवती की किसी इंदर नाम के युवक से दोस्ती हो गई है।
रविवार को विकास युवती के घर पर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान उसने युवती पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। युवती वहां से भागने लगी तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। युवती का सिर दीवार से टकराया और वह अचेत होकर गिर गई। उसके बाद आरोपी फरार हो गया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।