उपराज्यपाल वीके सक्सेना सोमवार को मधु विहार को सेक्टर-चार द्वारका और सुलहकुल मंदिर को एनएसआईटी द्वारका से जोड़ने वाले दो फुट ओवर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान दिल्ली निवासी शहर में रहकर इस आयोजन को देखें। वीके सक्सेना ने कहा कि दिल्ली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जी-20 शिखर सम्मेलन के रूप में एक उपहार मिला है। प्रधानमंत्री के दिल में दिल्ली के लिए विशेष स्थान है। इस कारण दिल्ली में बड़ी संख्या में विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
विदेशी मेहमान हमारी विरासत और संस्कृति से अच्छी यादें लेकर जाएंगे
शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज, मेयर डॉ. शैली ओबरॉय के साथ पुरानी दिल्ली में किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कि जी-20 सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमान देश की विरासत, संस्कृति और इतिहास की अच्छी यादें समेटकर वापस जाएंगे। पुरानी दिल्ली में बड़े स्तर पर विकास कार्य कराए गए हैं। मिर्जा गालिब की विरासत को सहेजते हुए उनकी हवेली का जीर्णोद्धार कराया गया है। डेढ़ दशक बाद टाउन हॉल का जीर्णोद्धार कराया गया है।
मुख्य बाजार दिल्ली की सांस्कृतिक धरोहर हैं
मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपने फंड से ये काम कराए हैं। केंद्र सरकार से दिल्ली सरकार को कोई फंड नहीं मिला है। उन्होंने निगम अधिकारियों को टाउन हॉल, चांदनी चौक, मिर्जा गालिब की हवेली में सौंदर्यीकरण और लाइटिंग करने के निर्देश दिए। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि निगम और दिल्ली सरकार पूरी तरह से तैयारियों में लगे हैं। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली के मुख्य बाजार दिल्ली की सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक हैं।
मिर्जा गालिब की हवेली से मिलेंगी अच्छी यादें
सौरभ भारद्वाज और डॉ. शैली ओबेरॉय ने टाउन हॉल का निरीक्षण किया और बताया कि जी-20 समिट से पहले इसे सजाया जाएगा। विदेशी मेहमान मिर्जा गालिब की हवेली देखेंगे तो यहां से अच्छी यादें लेकर जाएंगे। मिर्जा गालिब के इतिहास से परिचित होंगे। फिर, दोनों ने चांदनी चौक के पुर्ननिर्माण कार्यों का जायजा लिया। देर शाम को मंत्री सौरभ भारद्वाज और मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 के एम ब्लॉक मार्केट के पास स्थित जी-20 पार्क का निरीक्षण किया। पार्क को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों को पेंटिंग, फूल और पौधों से सजाया गया है।
दिल्ली वालों को याद रखेंगे
सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम और दिल्ली सरकार पूरी तरह से तैयारियों में लगी हुई है। सीएम अरविंद केजरीवाल का मानना है कि जो भी विदेशी मेहमान दिल्ली आएं, वह दिल्ली वालों की मेहमान नवाजी और दिल्ली वालों का प्यार अपने साथ लेकर जाएं।