नई दिल्ली। दिल्ली सरकार धार्मिक पर्यटन और भजन क्लबिंग को संगठित रूप से बढ़ावा देने की दिशा में बड़े कदम उठाने जा रही है। दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने टूरिज्म समिट-2026 के तहत एक निजी कार्यक्रम में कहा कि इसका उद्देश्य दिल्लीवासियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सकारात्मक अनुभव प्रदान करना है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज धार्मिक पर्यटन के एक प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में उभरा है और अब दिल्ली को भी इस क्षेत्र में अग्रणी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए दिल्ली में धार्मिक महत्व से जुड़े विशेष रूट्स विकसित होंगे, ताकि श्रद्धालु सुव्यवस्थित मार्गों के माध्यम से विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें।
उन्होंने युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हो रही भजन क्लबिंग की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भजन-कीर्तन भारतीय संस्कृति की आत्मा है और दिल्ली सरकार इसे हर वर्ग और आयु समूह तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में पर्यटन विकास के लिए लैंडमार्क-फोकस्ड एप्रोच को आधार बनेगा। राजधानी के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को केंद्र में रखकर आधुनिक सुविधाएं, बेहतर कनेक्टिविटी और अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देंगे।