कोविड-19 प्रतिबंधों को वापस लेने के फैसले से व्यापार पटरी पर आने की उम्मीद बढ़ गई है। व्यापारिक संगठनों को उम्मीद है कि व्यवसाय बेहतर होगा। स्कूल-कॉलेज खुलने की वजह से भी युवा वर्ग बाजार पहुंचकर खरीदारी करेंगे। व्यापारियों व उद्योग चलाने वालों को उम्मीद है कि फैक्ट्री में उत्पादन भी होगा और खुदरा बाजार में भी माल की खपत होगी।
सरोजिनी नगर मिनी-मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने कहा कि रात का कर्फ्यू हटाने से राहत व्यापारियो को मिलेगी। कारोबार करने के लिए और समय मिलेगा। रात 8 बजे तक बजार बंद होने से ग्राहक घर लौट जाते थे। जनपथ मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव टोनी चावला ने जनपथ मार्केट पर्यटकों पर टिका है। पर्यटकों के आने-जाने पर यह मार्केट गुलजार रहता है। कमला नगर मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने भी सरकार के इस कदम का स्वागत किया। कहा कि नॉर्थ दिल्ली यूनिवर्सिटी स्थित यह मार्केट फिर से गुलजार होगा। डीयू के छात्र इस मार्केट में आते है लिहाजा कारोबार पटरी पर लौट आएगा। कॉलेज के छात्रों के लिए बाजार एक बड़ा आकर्षण है। दिल्ली सरकार के बजट से भी काफी उम्मीदें है। कोलहापुर रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण दिवान ने कहा कि बेपटरी हुई आर्थिक व्यवस्था वापस पटरी पर लौटेगा। सरकार के इस कदम से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
जवाहर नगर कमला नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश सांबर ने बताया कि पिछले दो साल से व्यापारी वर्ग का आर्थिक नुकसान हुआ है। व्यापारियों को अब राहत मिली है। सरकार को भी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता है। उधर, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया माइक्रो एंड स्मॉल स्केल इंडस्ट्री उत्तर भारत के संयुक्त सचिव शशि महाजन ने कहा है कि दिल्ली के उद्योग अब पूरी तरह से प्रोडक्शन कर सकेंगे। खुदरा बाजार में बिक्री नहीं होने की वजह से उत्पादन कम हो रहा था। स्कूल-कॉलेज के खुलने से युवा वर्ग भी अब खरीदारी में जुटेगा। प्रतिबंध हटने से मजदूर भी वापस दिल्ली आएंगे। रोजगार भी बढ़ेगा।