न्यूनतम रेट पर चार्जिंग की सुविधा
इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा मुहैया करने के लिए दिल्ली सरकार ने फरवरी, 2021 में दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (डीटीएल) के साथ 100 साइट के लिए निविदा शुरू की। इसके तहत करीब 900 चार्जिंग पॉइंट सहित 100 से अधिक बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में पहल की गई। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को महज 2 रुपये प्रति यूनिट की दर पर चार्जिंग की सुविधा होगी और यह देश में न्यूनतम है।
ई ऑटो की खरीद के लिए ब्याज में पांच% की दी राहत
दिल्ली सरकार ने 10 से अधिक पैनल विक्रेताओं के माध्यम से डिस्कॉम के ऑनलाइन पोर्टल से ईवी चार्जर की खरीद के लिए नवंबर 2021 में सिंगल विंडो सुविधा की शुरुआत की। इलेक्ट्रिक ऑटो की खरीद पर ब्याज में पांच फीसदी की राहत के लिए कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) के साथ एक ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार किया। मई 2022 में, दिल्ली भारत में ई-साइकिलों को प्रोत्साहन देने वाला पहला राज्य बन गया।
2024 तक 25 फीसदी होंगे ई-वाहन: गहलोत
दिल्ली ईवी नीति के तहत 2024 तक पंजीकरण होने वाले सभी नए वाहनों में 25 फीसदी ईवी का लक्ष्य रखा है। मार्च में इलेक्ट्रिक वाहनों की 12.5 फीसदी हिस्सेदारी थी। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हम दिल्ली को दुनिया की ईवी कैपिटल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों से दिल्ली में प्रदूषण कम होगा तो दूसरी तरफ इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।