दिल्ली सरकार ने प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी अंजली सहरावत को नजफगढ़ का एसडीएम बनाने के साथ ही छह अधिकारियों को इधर-उधर किया है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री इमरान हुसैन के सचिव दीपक विरमानी को डीएससीएससी लिमिटेड का जनरल मैनेजर की जिम्मेदारी बरकरार रखने के साथ ही अब मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इमरान हुसैन के पास सचिव का जिम्मा कौन संभालेंगे, यह अभी तय नहीं किया गया है।
वहीं, परिवहन मंत्री गोपाल राय के सचिव रवि दधीच को हटाकर दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर निदेशक बनाया गया है। बोर्ड में अभी तक निदेशक के पद पर तैनात संजीव मित्तल को गोपाल राय का नया सचिव बनाया गया है। परिवहन विभाग के संयुक्त आयुक्त आनंद कुमार तिवारी को वैट विभाग में संयुुक्त आयुक्त बनाया गया है।
सेवा विभाग के उप सचिव मुकेश कुमार शर्मा ने ये आदेश जारी किए हैं। दूसरी तरफ दिसंबर 2015 में राजस्व विभाग के अलग-अलग जिलों से इधर-उधर किए गए 31 कानूनगो को 22 मार्च से नई जगह ज्वॉइन करने के लिए रिलीव कर दिया गया है।