जिले में पिछले दिनों हुई बारिश से 15 से 20 फीसदी रबी की फसलों को नुकसान हुआ है। बारिश के बाद जिलाधिकारी एनपी सिंह के निर्देश पर कृषि और वित्त विभाग का संयुक्त सर्वे पूरा होने के बाद यह रिपोर्ट सामने आई है।
शनिवार से लेकर सोमवार तक बिगड़े मौसम ने किसानों की हालत बिगाड़ दी है। अक्तूबर से नवंबर के दौरान बोई रबी की फसल जब कटाई के लिए तैयार थी तो उसी दौरान बारिश ने किसानों पर कहर बरपा दिया। रबी के अंतर्गत गेहूं, जौ, चना, मसूर और सरसों की फसल पर बारिश का असर पड़ा है। विशेषकर गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी।
बारिश के बाद जिला प्रशासन की ओर से कृषि विभाग और वित्त विभाग की संयुक्त टीमों को बारिश से नुकसान के सर्वे के लिए लगाया गया था, जिसकी रिपोर्ट टीमों को 18 मार्च तक देनी थी। बताया जा रहा है कि सर्वे पूरा करने के बाद टीमों ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार ने बताया कि जिले में करीब 15 से 20 फीसदी रबी की फसल को नुकसान हुआ है। जल्द ही रिपोर्ट शासन को भी भेजी जाएगी।
जेवर में तेज बारिश का रबी की फसलों पर सबसे अधिक असर रहा है। बताया जा रहा है कि यहां तेज बारिश और हवा से फसलें जमीन पर लेट गई। वहीं, दादरी, रबूपुरा, दनकौर आदि क्षेत्र में भी फसलों पर बारिश का कहर बरपा। हालांकि, देखना है कि सरकारी रिपोर्ट के बजाए असलियत में फसलों को कितना नुकसान हुआ है।