दिल्ली सरकार ने वर्ष 2024 में होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पीसा में शामिल होने का निर्णय भी लिया है। यह परीक्षा प्रत्येक तीन साल में होती है। इस परीक्षा से पता चलता है कि देश या राज्य में 15 साल की उम्र के बच्चे ने जो शिक्षा प्राप्त की है, उसका स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों व जरूरतों पर कितना खरा उतरता है। उन्होंने कहा कि पांच साल के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए हम वर्ष 2024 तक दिल्ली को दुनिया के शैक्षणिक मानचित्र पर स्थापित कर देंगे।
बच्चे हाईटेक डिजिटल क्लास रूम में पढ़ेंगे
सरकार की योजना अगले पांच वर्षों में नौवीं से बारहवीं तक की प्रत्येक कक्षाओं को हाईटेक बनाने की है। इसके लिए कक्षाओं को डिजिटल बनाया जाएगा। इसके लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस कार्य की शुरुआत इसी वर्ष से होगी। हर स्कूल में कम से कम दस कक्षाओं को डिजिटल बनाया जाएगा। सभी स्कूलों व जिला मुख्यालयों को शिक्षा निदेशालय से वीडियों कांफ्रेसिंग से भी जोड़ने की योजना है।
छात्रों को हेल्थ कार्ड, बजट में 22 करोड़
वित्त मंत्री ने बजट में घोषणा की है कि अगले साल से स्कूल स्वास्थय योजना की शुरुआत की जाएगी। विद्यार्थियों को स्वास्थय संबंधी विवरण वाला एक पहचान पत्र दिया जाएगा। इसके लिए बजट में 22 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
दिल्ली सरकार ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए बजट में 17 नए स्कूल बनाने का प्रस्ताव दिया है। ये 175 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होंगे। इसके साथ 90 स्कूलों को सिंगल शिफ्ट में किए जाने का प्रस्ताव किया है। जनरल शिफ्ट में चलने वाले बच्चों को छुट्टी के बाद के समय में अंग्रेजी के साथ-साथ फ्रेंच,जापानी, स्पेनिश, व जर्मन भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बीस हजार नए क्लासरूम भी बनाए जाएंगे। इसके साथ ही अब स्कूलों में पीटीएम के साथ-साथ पैरेटिंग वर्कशॉप भी आयोजित होंगी।
शिक्षा में खास
- अर्ली चाइल्डहुड एजुकेशन को गुणवत्तापूूर्वण व नियमित करने के लिए नया कानून बनेगा।
- हर जोन में पांच-पाच स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोले जाएंगे।
- दिल्ली खेल विश्वविद्यालय व दिल्ली स्किल एवं अंातरप्रिन्योरशिप विश्वविद्यालय की स्थापना कर दाखिले शुरू करने पर जोर।
- धीरपुर और रोहिणी में अंाबेडकर विश्वविद्यालय के परिसरों का निर्माण शुरू करने पर जोर।
- एनएसयूटी में अतिरिक्त भवन और नरेला में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला टेक्निकल विश्वविद्यालय के नए परिसर का निर्माण कार्य इसी सत्र में शुरू किया जाएगा।
- जीबी पंत राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज व जीबी पंत टेक्नॉलॉजी इंस्टीट्यूट के एकीकृत परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। क्षमता 3000 विद्यार्थियों की हो जाएगी।
- सभी स्कूलों की सभी कक्षाओं में सीसीटीवी लगाने का काम जून 2020 तक पूरा करना होगा।
- बच्चों में अखबार पढ़ने की रुचि विकसित करने के लिए अगले साल से सभी बच्चों को अखबार दिए जाने की योजना।
- बच्चों के अंग्रेजी बोल-चाल के कौशल का विकास जारी रहेगा।
- सरकार नया देशभक्ति पाठ्यक्रम लेकर आ रही है।