उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में मंगलवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने होंडा अमेज कार सवार युवक की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। युवक की मौत होने तक बदमाश ताबड़तोड़ गोलियां चलाते रहे।
मृतक की शिनाख्त इमरान (36) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस सूत्रों का दावा है कि इमरान की हत्या गैंगवार में की गई।
हालांकि, जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर गैंगवार से इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि हत्याकांड को रंजिशन या अन्य किसी वजह से अंजाम दिया गया। घटनास्थल के पास से मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, इमरान अपने परिवार के साथ श्रीराम कालोनी, शाहदरा में रहता था। परिवार में पिता अब्दुल रशीद, मां कमरजहां, छोटा भाई फैजल, एक बहन व पत्नी आयशा के अलावा 6 साल का बेटा और 4 वर्ष की बेटी है। परिवार का बाड़ा हिंदूराव इलाके में लोहे का कारोबार है। इमरान परिवार से अलग पुरानी कार खरीदने-बेचने का काम करता था।
मंगलवार देर रात करीब 12.00 बजे घर लौटते समय उसने जाफराबाद इलाके से बच्चों के लिए खाना लिया। जब वह 100 फुटा रोड होते हुए घर की ओर बढ़ा तो शिव मंदिर के पास बाइक सवार 2 युवकों ने कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया। इससे पहले कि इमरान कुछ समझ पाता बदमाशों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इमरान को तब तक गोलियां मारते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। बदमाशों ने करीब 15-16 गोलियां चलाई, जिनमें 8 से 10 गोलियां इमरान को लगीं।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। राहगीरों ने करीब 12.35 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद इमरान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को शव परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस सूत्रों का दावा है कि 2011 में गैंगवार में इमरान के भाई आतिफ की हत्या हो गई थी। आतिफ कुख्यात गैंगस्टर नासिर का करीबी बताया जाता था, जिसके बाद हाजी मतीन की हत्या हुई।
इसमें इमरान व उसके परिवार का नाम आया था। इस मामले में इमरान भी गिरफ्तार हुआ था। 2016 में इमरान को अदालत ने उस मामले से बरी कर दिया था। उसी गैंगवार के नतीजे में इमरान की हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गैंगवार में हत्या नहीं हुई। इमरान के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट के 3 मामले दर्ज थे। कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द हत्याकांड से पर्दा उठा दिया जाएगा।
-अतुल कुमार ठाकुर, उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त।