निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन फुट ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने से रविवार को ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। ट्रेनों की अवाजाही रुकने से जहां यात्रियों की परेशानी बढ़ गई तो वहीं इस ब्रिज को ठीक करने में रेलवे इंजीनियरों का पसीना छूट गया। इससे रविवार देर रात तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती रही।
ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने के कारण नई दिल्ली-पलवल सेक्शन की छह शटल ट्रेनों को निरस्त तक करना पड़ा और दो ट्रेन तुगलकाबाद स्टेशन पर ही टर्मिनेट कर दी गईं। पैसेंजर ट्रेनों के निरस्त होने के कारण यात्रियों को बेहद परेशान होना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हुई जो पलवल और होडल के बीच और असावटी रेलवे स्टेशनों से सफर करने वाले थे।
उधर, रेलवे कर्मचारी रविवार फुट ओवरब्रिज को ठीक करने में सुबह से ही जुटे रहे लेकिन यह ब्रिज ठीक नहीं हो सका और देर रात तक इस स्टेशन से ट्रेन सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सकीं। रेलवे सूत्रों के अनुसार निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर बना फुट ओवरब्रिज शनिवार देर शाम से ही एक तरफ झुक गया था। इसके कारण कई प्लेटफार्म से ट्रेनों आवागमन बंद कर दिया गया। इसका असर प्लेटफार्म नंबर 2, 3 और 4 पर पड़ा था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पलवल नई दिल्ली सेक्शन की छह शटल ट्रेनों का परिचालन रविवार को बंद कर दिया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से रविवार को 04407 पलवल-गाजियाबाद शटल, 04410 शकूरबस्ती पलवल शटल, 04438 नई दिल्ली पलवल शटल, 04913 पलवल गाजियाबाद शटल, 04920 नई दिल्ली पलवल शटल और 04912 गाजियाबाद पलवल शटल को बंद कर दिया गया था। जबकि 04967 मथुरा नई दिल्ली और 04419 मथुरा गाजियाबाद शटल को तुगलकाबाद स्टेशन पर शार्ट टर्मिनेट किया गया था। इस वजह से कई यात्रियों को स्टेशन से निराश होकर लौटना पड़ा।