दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को अदालत में पहली चार्जशीट दाखिल की। इसमें ईडी ने शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नामजद किया है। लगभग 3 हजार पेज की चार्जशीट में दो अन्य व्यक्तियों का भी उल्लेख है। हालांकि, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम सूची में नहीं हैं। सीबीआई ने भी इस मामले में अपनी पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है।
एजेंसी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में एक स्थानीय अदालत के समक्ष दायर चार्जशीट में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया। इंडोस्पिरिट्स के प्रमोटर और प्रबंध निदेशक समीर महेंद्रू को ईडी ने इस साल 27 सितंबर को गिरफ्तार किया था। वह इस मामले में गिरफ्तार होने वाले पहले व्यक्ति थे।
ईडी ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना की सिफारिश पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लेने के बाद दिल्ली शराब नीति मामले में अब तक 169 तलाशी अभियान चलाए हैं। इस मामले में एजेंसी ने अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ईडी की 60 दिन में आरोपपत्र दाखिल करने की अवधि 26 नवंबर को खत्म हो रही थी।
डिप्टी सीएम का नाम नहीं, माफी मांगे पीएम: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ईडी की चार्जशीट में मनीष जी का नाम नहीं है। क्या मोदी जी को शिक्षा क्रांति कर भारत को विश्व प्रसिद्ध करने वाले सिसोदिया को झूठे मामले में फंसाने के लिए देश से माफी नहीं मांगनी चाहिए? क्या अच्छा काम करने वालों को जेल में डाल कर देश को आगे बढ़ाएंगे?