विश्वास नगर विधानसभा सीट से जीतने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ओपी शर्मा ने केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के लिए 'आतंकवादी' सबसे सही शब्द है। केजरीवाल भ्रष्ट व्यक्ति हैं। उन्हें आतंकियों के साथ सहानुभूति है। वो देश में पाकिस्तान आर्मी के प्रवक्ता की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भारतीय सेना पर सवाल उठाते हैं और टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भारतीय जनता पार्टी के आठ विधायक आज शाम दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी से मुलाकात करेंगे।
जब मनीष सिसोदिया से पीसी चाको और कैलाश विजयवर्गीय के बयानों पर सवाल पूछा तो वह नकार गए। वहीं जब उनसे आप कार्यकर्ता पर हमले के बारे में पूछा गया तो वह बोले कि यह दिल्ली के कानून व्यवस्था की खामी है और इसे दुरुस्त करना होगा।
दिल्ली में कांग्रेस की लगातार दूसरी बार करारी हार के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने इस्तीफा दे दिया है।
आम आदमी पार्टी की बैठक में अरविंद केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुना गया है। मनीष सिसोदिया ने यह प्रस्ताव रखा था, जिसे बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने स्वीकार किया। अब कुछ देर में प्रेस कांफ्रेंस कर सिसोदिया मीडिया से बातचीत करेंगे।
आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में मनीष सिसोदिया और संजय सिंह समेत सभी आप विधायक मौजूद हैं।
उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकाल करने के बाद अरविंद केजरीवाल अपने आवास वापस लौटे। यहां वो कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक करेंगे। बैठक में हिस्सा लेने के लिए केजरीवाल के आवास पर पहले से ही 'आप' के सभी विजेता विधायक पहुंचे हुए हैं।
उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात के लिए अरविंद केजरीवाल सुबह 11 बजे राज निवास पहुंचे।
कांग्रेस नेता पीसी चाको ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पतन साल 2013 में शुरू हुआ जब शीला जी मुख्यमंत्री थीं। आम आदमी पार्टी के उदय ने कांग्रेस के पूरे वोट बैंक को छीन लिया। हम इसे कभी वापस नहीं पा सके। यह वोट बैंक अब भी 'आप' के पास है।
दिल्ली में 62 सीटों के साथ प्रचंड जीत के बाद अरविंद केजरीवाल तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। इसके लिए 16 फरवरी को रामलीला मैदान में केजरीवाल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
दिल्ली चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने फोन पर अरविंद केजरीवाल को जीत की बधाई दी है।
भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने अरविंद केजरीवाल को जीत की बधाई देते हुए एक बार फिर हनुमान जी को बीच में लाए हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'अरविंद केजरीवाल जी को जीत की बधाई! निश्चित ही जो हनुमानजी की शरण में आता है उसे आशीर्वाद मिलता है। अब समय आ गया है कि हनुमान चालीसा का पाठ दिल्ली के सभी विद्यालयों, मदरसों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी जरूरी हो। बजरंगबली की कृपा से अब 'दिल्लीवासी' बच्चे क्यों वंचित रहे।
चुनाव परिणाम से पहले तक दिल्ली चुनाव को हिंदुस्तान पाकिस्तान का मैच बताने वाले भाजपा नेता कपिल मिश्रा के तेवर हार के बाद नरम पड़ते दिख रहे हैं। कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा है कि दिल्लीवालों को ताना मारना गलत है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'कुछ लोग दिल्ली वालों को या हिंदुओ को ताना मार रहे हैं , ये गलत है, हम में जरूर कोई कमी रह गयी होगी जनता तक पहुंचने में, अपनी बात पहुंचाने में 42% वोट कम नहीं होते, एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी हैं ये 42% वोट हमारे मुद्दों और विचारों पर हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है।'
आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज सुबह 11 बजे उपराज्यपाल अनिल बैजल से मिलने जाएंगे। इसके बाद साढ़े 11 बजे वह अपने निवास पर नव-निर्वाचित पार्टी विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
दोपहर एक बजे मनीष सिसोदिया प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सिसोदिया शपथ ग्रहण की तैयारियों को लेकर जानकारी देंगे।
देश के दिल दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) की ऐसी आंधी चली जिससे न सिर्फ भाजपा के मंसूबों पर पानी फिर गया बल्कि कांग्रेस भी पूरी तरह उजड़ गई। दिल्ली ने आप के ‘अच्छे बीते पांच साल’ के दावे पर मुहर लगाते हुए अगले पांच साल के लिए ‘लगे रहो केजरीवाल’ का जनादेश दिया। मंगलवार को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में आप ने ऐतिहासिक प्रदर्शन दोहराते हुए 70 में से 62 सीटें जीतकर सत्ता में जबरदस्त वापसी की। वहीं, लोकसभा चुनाव में 57 फीसदी वोटों के साथ सभी सात सीटें जीतने वाली भाजपा पांच सीटों के फायदे के साथ सिर्फ आठ सीटों पर सिमट गई। दूसरी ओर, 15 साल दिल्ली पर राज करने वाली कांग्रेस का पिछली बार की ही तरह इस बार भी खाता नहीं खुला है।