कोरोना महामारी के दौरान नौकरी छूट जाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान में काम करने वाला एक कर्मचारी नौकरी जाने के बाद बुरी संगत में आकर नशा करने लगा और बाद में नशे के लिए पैसे की जरूरत होने पर अपनी स्कूटी से झपटमारी करने लगा। निहाल विहार थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाश की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके कब्जे से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान नांगलोई निवासी असलम (37) के रूप में हुई है। तीन जून को निहाल विहार इलाके में एक महिला से स्कूटी सवार बदमाश ने मोबाइल झपट लिया था। महिला ने बताया कि वह राशन दुकान की ओर जा रही थी, इसी दौरान उसके साथ वारदात हो गई। पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे 10 से 12 सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इसमें पुलिस को एक युवक स्कूटी से भागते हुए नजर आया। पुलिस स्थानीय स्तर पर उसकी पहचान करने में जुट गई और एक गुप्त सूचना पर बदमाश को नांगलोई से गिरफ्तार कर लिया। असलम के पास से महिला का मोबाइल फोन मिल गया।
पूछताछ में बदमाश ने बताया कि उसने आठवीं तक पढ़ाई की और उसके बाद पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद नौकरी की तलाश शुरू कर दी और डीडीए पार्क, निहाल विहार के पास आरजेडए ब्लॉक में एक इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान में अपने भाई के साथ नौकरी करने लगा। कोरोना महामारी में दोनों भाइयों की नौकरी छूट गई। वह बुरी संगत में आकर नशा करने लगा। फिर बाद में नशे के लिए अपनी स्कूटी पर झपटमारी करने लगा। शुरुआती जांच में तीन मामलों में शामिल होने का पता चला है।