हरियाणा के कुंडली की रहने वाली एक महिला ने संपत्ति के फर्जी कागजात बनाकर बैंक से 95 लाख रुपये का कर्ज लेकर फर्जीवाड़ा किया। जिसके बाद वह फरार हो गई। आरोपी महिला को आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है।
संपत्ति के फर्जी कागजात बनाकर बैंक से 95 लाख रुपये का कर्ज लेकर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में एक महिला को आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने कंपनी के लिए बैंक से कर्ज लिया था। आरोपी महिला कर्ज लेकर फरार हो गई थी।
विज्ञापन
शाखा की संयुक्त आयुक्त छाया शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान हरियाणा के कुंडली निवासी सरबजीत कौर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक की शिकायत पर वर्ष 2018 में शाखा ने मामला दर्ज किया था। शिकायत में बताया गया कि आरोपी सरबजीत कौर ने अपनी फर्म के लिए 60 लाख रुपये कर कर्ज लिया था। लेकिन वह कर्ज को चुका नहीं रही थी।
जांच में पता चला कि आरोपी महिला ने अपनी कंपनी ग्रेस हैंडलूम के लिए कर्ज लिया। लेकिन कर्ज लेने के लिए उसने बैंक में जिस संपत्ति को गिरवी रखा था, उसके कागजात फर्जी पाए गए। गिरवी रखी गई संपत्ति डीडीए की थी। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी की सात अन्य कंपनियां हैं। उन कंपनियों के लिए महिला ने इसी संपत्ति को गिरवी रखा था। पुलिस को जांच में पता चला कि महिला की ओर से बैंक को दिए दस्तावेज और डीडीए से मिले दस्तावेज में काफी अंतर है। सरबजीत कौर के खिलाफ साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर जांच में जुटी है।