बेटी को इंसाफ दिलाएंगे: स्वाति मालीवाल
उधर, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि द्वारका मोड़ के पास एक स्कूली छात्रा पर तेजाब फेंका गया। पीड़िता की मदद के लिए टीम अस्पताल पहुंच रही है। बेटी को इंसाफ दिलाएंगे। दिल्ली महिला आयोग वर्षों से देश में तेजाब बैन करने की लड़ाई लड़ रहा है। कब जगेंगी सरकारें? उन्होंने आगे कहा कि हमने दिल्ली पुलिस को हमलावरों को गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने के लिए नोटिस जारी किया है। हम पीड़िता और उसके परिवार की मदद कर रहे हैं। लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि कई बार नोटिस देने के बाद भी तेजाब की खुदरा बिक्री पर रोक क्यों नहीं लगाई जाती।
एनसीडब्ल्यू ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली सीपी को लिखा पत्र
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बुधवार को दिल्ली में एक 17 वर्षीय लड़की पर एसिड अटैक मामले में हस्तक्षेप करने और जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सीपी दिल्ली को पत्र लिखा है।
एलजी ने त्वरित जांच के दिए निर्देश
द्वारका मोड़ पर बुधवार को 17 साल की एक लड़की पर एसिड हमले की घटना के बारे में दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने पुलिस कमिश्नर से बात की। राज निवास दिल्ली का कहना है कि एलजी ने त्वरित और गहन जांच के निर्देश दिए हैं ताकि दोषियों को सख्त सजा मिले।
हमले के लिए ऑनलाइन खरीदा गया था तेजाब
दिल्ली पुलिस के अनुसार, द्वारका तेजाब हमले के मामले में अभियुक्तों को पकड़ने के लिए फॉरेंसिक और तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है। तकनीकी जांच में एसिड एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीदने की बात सामने आई है।