दिल्ली में सत्ता की जंग अब खुलकर सामने आ रही है। चुनाव कराने के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के बाद अब कांग्रेस ने भी जन जागरण अभियान की शुरूआत कर दी है।
विज्ञापन
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस अभियान का मकसद आम आदमी पार्टी और भाजपा की सांठगांठ को बेनकाब करना है। इस अभियान की शुरूआत बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के मौके से हुई।
कांग्रेस के दिग्गजों ने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कही कि उन्होंने धर्मनिरपेक्ष मतों के विभाजन के लिए भाजपा से सुपारी ले रखी है। कांग्रेस के इस बयान के बाद आप के खेमे में भी हलचल मच गई है। कांग्रेस ने इस मामले में आरएसएस को भी खींच लिया। इससे हंगामा बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन
किसके सहयोग से AAP ने ली सुपारी?
कांग्रेस का दावा है कि सुपारी आरएसएस समर्थक एक उद्योगपति के माध्यम से ली गई। यही वजह है कि आप ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करना बंद कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी डॉ. शकील अहमद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने राजीव गांधी के जन्मदिवस पर जहांगीरपुरी से शुरू किए गए जन जागरण अभियान में यह आरोप लगाए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक देवेंद्र यादव ने की।
विधायक दल के नेता हारून यूसुफ, विधायक चौधरी मतीन अहमद, जयकिशन, पूर्व विधायक भीष्म शर्मा, एल्डरमैन हरी किशन जिंदल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक समेत तमाम नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बादली विधानसभा के 160 मेधावी छात्रों को पुरस्कार के रुप में टैबलेट, स्कूटी व बाइक दी गई।
तो विवादित बयानों के पीछे ये है वजह?
नेताओं ने कहा कि भाजपा दिल्ली के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहती है। महंगाई से ध्यान हटाने के लिए विवादास्पद बयान को हवा दी जा रही है। सरकार बनाने में विफल भाजपा केजरीवाल से गुप्त साठगांठ करके सरकार बनाना चाहती है। इससे कांग्रेस पर्दा हटाएगी।
मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस जन जागरण अभियान में एक दर्जन बड़ी सभाएं करेगी। राष्ट्रपति शासन और 49 दिन की आप सरकार को लेकर एक चार्जशीट कांग्रेस जारी करेगी।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद केजरीवाल ने दिल्ली में दोबारा सरकार बनाने की पहल की थी लेकिन जब कांग्रेस ने समर्थन देने से मना कर दिया तो उन्होने चुनाव कराने की मुहिम शुरू कर दी।
चुनाव कराने के लिए आप ने जंतर मंतर पर रैली करके शक्ति प्रदर्शन किया था। इसके बाद पार्टी के वालंटियर घर-घर जाकर लोगों को ये बता रहे हैं दिल्ली में चुनाव कराना क्यों जरूरी है।
‘आप’ ने शुरू किया ऑनलाइन वीडियो अभियान
दिल्ली चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने ऑनलाइन वीडियो अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत पार्टी आम लोगों से वीडियो संदेश मंगवा रही है। जिसे बगैर संपादित किए सीधे पार्टी की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।
पार्टी का दावा है कि अभियान शुरू करने से पहले 20 घंटों में 300 से ज्यादा वीडियो संदेश मिल चुके हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इसमें शामिल होने के इच्छुक लोग मोबाइल पर अपना संदेश रिकॉर्ड कर वाट्स ऐप या ई-मेल के जरिये पार्टी तक वीडियो भेज सकते हैं। दूसरी तरफ पार्टी की हस्ताक्षर अभियान भी जारी है।
मीडिया सेल से जुड़े नागेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी सभी विधानसभाओं की रिपोर्ट इकट्ठी नहीं की गई है। फिर भी दो दिन पहले तक करीब तीन लाख लोग पार्टी की मुहिम से जुड़ चुके थे। अगले हफ्ते के आखिर तक अभियान की समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
आम आदमी पार्टी ने बुधवार को भाजपा विधायक रंजीत सिंह की सदस्यता रद्द कराने के लिए चुनाव आयोग में अर्जी दाखिल की है। पार्टी का आरोप है कि बीते विधानसभा चुनाव में रंजीत सिंह ने फर्जी दस्तावेज देकर गोकलपुर की सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ा था।
इस मामले में पिछले हफ्ते दिल्ली की एक अदालत के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है। ‘आप’ के मुताबिक, वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में मूलत: मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी रंजीत सिंह ने अनुसूचित जाति का फर्जी प्रमाणपत्र दिया था।
पार्टी का कहना है कि जनप्रतिनिधि कानून में इस तरह के मामलों में प्रावधान है कि विधायक की सदस्यता खत्म होनी चाहिए।