दिल्ली महिला आयोग ने एक विशेष समुदाय की महिलाओं पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल के उपायुक्त को नोटिस भेजा है। इतना ही नहीं, महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में पांच अगस्त तक रिपोर्ट मांगी है।
दिल्ली महिला आयोग के अनुसार उसके पास कुछ लोगों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐ विशेष समुदाय की महिलाओं के बारे में कथित रूप से 'अपमानजनक संदेश' पोस्ट किया था। इस संबंध में आयोग को एक शिकायत मिली है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने एक विशेष समुदाय की महिलाओं के खिलाफ अपराध करने के लिए लोगों को उकसाने के लिए सोशल मीडिया पर संदेश पोस्ट किए है।
इतना ही नहीं, उन्होंने कुछ महिलाओं के नाम और संपर्क नंबर भी पोस्ट किए हैं, जिसमें उन्होंने लोगों से इन महिलाओं का बलात्कार करने के लिए कहा है। महिला आयो ने कहा कि यह एक बहुत गंभीर मामला है और इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की आवश्यकता है।
महिला आयोग ने इस मामले को पहले उत्तर प्रदेश पुलिस के पास भेजा था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने आयोग को सूचित किया है कि आरोपी दिल्ली में रहते है। इसके बाद महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है।
आयोग ने दिल्ली पुलिस से इस मामले में दर्ज प्राथमिकी की प्रति, मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण और किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं करने के कारणों सहित आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए उठाए गए कदमों की प्रति मांगी है। इसके पुलिस से सोशल मीडिया से महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी हटाने के लिए उठाए गए कदमों और मामले में की गई विस्तृत कार्रवाई के संबंध में भी रिपोर्ट मांगी है।