केजरीवाल ने कहा कि इनकी संख्या हर रोज बढ़ रही है। यह लॉकडाउन होने के बाद की स्थिति है। अगर लॉकडाउन न होता तो दिल्ली के हालात भी इटली, अमेरिका जैसे होते। अरविंद केजरीवाल ने माना कि लॉकडाउन से आम दिल्लीवालों को होने वाली परेशानियों से सरकार परिचित है, लेकिन स्थिति बेहद संजीदा है।
केजरीवाल ने माना कि लॉकडाउन से सबको बहुत परेशानी हो रही है। सरकार भी ढील देना चाहती है, लेकिन अगर इससे हालात खराब हुए तो मरीजों की संख्या बहुत ज्यादा होने से उन्हें आईसीयू में भर्ती कर पाना, वेंटिलेटर पर रख पाना संभव नहीं होगा। अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, ढिलाई देने पर अगर हालात हाथ से बाहर जाते हैं तो सरकार खुद को माफ नहीं कर पाएगी।
केजरीवाल ने बताया कि फिलहाल दिल्ली में करीब 1900 कोरोना संक्रमित हैं, जिनमें से 43 की मौत हो चुकी है। 26 मरीजों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि छह वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्थिति बेहद चिंताजनक है, हालांकि अभी स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं गई है। घर में रहकर और सतर्कता बरतते हुए इस महामारी से बचा जा सकता है।