रोहित के दोस्त सैदुलाजाब निवासी राहुल यादव ने बताया कि वह अपने दोस्त आशू यादव, अमित जैन व रोहित के साथ कार में मौजूद था। रात में करीब डेढ़ बजे वह जब साकेत मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास पहुंचे तो वहां पर 5-6 लड़के खड़े हुए थे। रोहित वहां कार को पार्क करना चाहता था। रोहित ने उन लड़कों को हटाने के लिए हॉर्न बजाया, मगर वह लड़के हटे नहीं। इस बात पर रोहित का इन लड़को से झगड़ा हो गया।
उसने बताया कि आरोपियों में से दो लड़कों ने ईंट व पत्थरों से रोहित पर जानलेवा हमला कर दिया। रोहित पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में रोहित को सफदरजंग अस्पताल ले जाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक आरोपी प्रियांशु को गिरफ्तार किया
साकेत थाना पुलिस ने राहुल यादव के बयान पर मामला दर्जकर जांच शुरू की। आरोपियों को पकडने के लिए साकेत थानाध्यक्ष सुबोध कुमार की देखरेख में कई टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आखिरकार पुलिस को आरापियों का सुराग मिला और एक आरोपी प्रियांशु (22) को दक्षिण दिल्ली से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों को पकडने के लिए दबिश दे रही है।
तेज हॉर्न बजाने को लेकर हुआ था झगड़ा
आरोपी प्रियांशु ने बताया कि वह पांच दोस्तों के साथ साकेत मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर दो के पास खड़ा था। तभी कार में चार युवक वहां आए। उन्होंने कार के वहां पार्क करने की बात कही, जहां वह खड़े थे। जब उन्होंने कहा कि वह खड़े हैं तो ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक ने तेज आवाज में हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। इस बात पर रोहित व प्रियांशु के साथियों के बीच बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर उन्होंने रोहित पर ईंट व पत्थर से वार करना शुरू कर दिया। रोहित घायल होकर मौके पर गिर गया।
एक बिल्डर का पीएसओ था मृतक रोहित
छतरपुर में रहने वाला रोहित पेशे से बाउंसर था। वह एक बिल्डर का पीएसओ था। वह हौजखास गांव स्थित एक बार में बतौर सिक्यूरिटी इंचार्ज भी काम करता था। बताया जा रहा है कि रोहित की हत्या चार महीने पहले गौतम नगर, हौजखास में हुई हत्या का बदला लेने के लिए की गई है। हालांकि दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।