प्रदेश भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गुजरात दौरे पर निशाना साधा है। कहा है कि दिल्ली को छोड़ अब वह गुजरात में तरह-तरह के वादे कर रहे हैं। वहां की जनता को गुमराह कर रहे हैं। दिल्ली की तरह गुजरात में भी कार्यकर्ताओं के साथ ईमानदार राजनीति की शपथ ले रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल गुजरात में कार्यकर्ताओं के साथ ईमानदारी का शपथ ले रहे हैं। कुछ इसी तरह का शपथ उन्होंने पार्टी बनाते वक्त दिल्ली में भी लिया था, लेकिन जिन बातों का शपथ लिया था उसमें से एक भी बातों पर अमल आज तक नहीं कर सके। शपथ में उन्होंने अपने बच्चों की कसमें खाई थी कि वे ना तो कोई बंगला लेंगे, ना सुरक्षा और ना ही कोई गाड़ी। सत्ता में आने के बाद सभी सुख-सुविधा भोग रहे हैं। सुरक्षा भी ली, बंगला भी और उस बंगला में 21 करोड़ रुपये के स्वीमिंग पूल भी बनवा रहे हैं। आम से वह अब बेहद खास हो गए। दिल्ली के बाद अब झूठे वायदों का शिकार बनाने के लिए अन्य राज्यों में जाल बुन रहे हैं।