दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि चुनाव में संभावित हार को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घबरा गए हैं। सीएम किसी की छवि खराब करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उनके ओछेपन का सुबूत सब को पता चल गया है। आम आदमी पार्टी चुनावी प्रचार में बच्चों का इस्तेमाल कर आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है। तिवारी ने कहा कि थीम सांग में बिना अनुमति के फिल्मों के वीडियो के इस्तेमाल पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है।
अवैध मस्जिदें टूटेंगी: प्रवेश वर्मा
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके बनाई गई मस्जिदें जल्द टूटेंगी। इसकी सूची तैयार कर ली गई है। पूरे मामले में उपराज्यपाल से शिकायत भी की गई है। यह बातें मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहीं। उन्होंने कहा कि अनधिकृत रूप से बनीं सभी मस्जिदों को तोड़ा जाएगा। वर्मा ने कहा कि कई लोगों ने अतिक्रमण करके मंदिर व गुरुद्वारे बनाने की भी शिकायत की थी। सूची मांगी गई तो एक भी शिकायत नहीं मिली।
मुफ्त नहीं पांच रुपये लेकर बिजली-पानी फ्री देगी भाजपा : प्रवेश
प्रवेश वर्मा
- फोटो : अमर उजाला
सांसद प्रवेश वर्मा ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व की लाइन से हटकर कहा कि पार्टी जनता को फ्री में कुछ नहीं देगी। इसके लिए बाकायदा दिल्ली की जनता से पांच रुपये वसूला जाएंगे। यह राशि गरीबों के सम्मान में होगी। हालांकि प्रेस कांफ्रेंस में प्रवेश वर्मा ने कहा कि लोगों की आय के अनुसार सब्सिडी तय की जाएगी। जो अमीर है और हर साल लाखों रुपये टैक्स भरते हैं, उन्हें सब कुछ फ्री में देना सही नहीं है।
जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी लगातार कहते आ रहे हैं कि वे केजरीवाल की तुलना में पांच गुना ज्यादा सुविधाएं देंगे। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रवेश वर्मा के बयानों को लेकर प्रेस कांफ्रेंस के बाद दिल्ली में खूब चर्चाएं शुरू हो गईं। दरअसल प्रवेश वर्मा को मनोज तिवारी के विकल्प के तौर पर उनके समर्थक देखते हैं। सांसद प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप मुफ्त कार्ड खेल रही है।
वर्मा के ने केजरीवाल से पूछे तीन सवाल
सांसद प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से तीन सवाल भी पूछे। साथ ही चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनता को जवाब दें कि दिल्ली के लिए अपना पावर प्लांट बनाने के लिए क्या किया? सोलर पावर विकास और नई बसें लाने के लिए क्या किया।
सांसद ने कहा कि पांच साल पहले सत्ता में आने से पहले केजरीवाल को जनता को कई सपने दिखाए थे। उसे पूरा तो नहीं कर सके लेकिन फिर वहीं सपना लेकर वोट मांग रहे हैं। उनके 70 वादे का क्या हुआ। केजरीवाल ने कहा था कि हम दिल्ली में अपना पॉवर स्टेशन बनाएंगे। कहा है पॉवर स्टेशन। पानी के लिए तालाब बनाने की घोषणा केजरीवाल ने सत्ता में आने से पहले किए थे। सच यह है कि पूरी दिल्ली तालाब बनी हुई है। झूठ की राजनीति करने वाले मुख्यमंत्री ने न तो कूड़ा खत्म किया और न ही पांच नए स्कूल, यूनिवर्सिटी, सीसीटीवी लगाए। दिल्ली देहात के लिए कोई काम नही किया।
बसों में भरकर लाते हैं भीड़
सांसद ने मुख्यमंत्री के टाऊन हॉल मीटिंग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में चारों गेट बंद करा कर वे चर्चा करते है। वहां भीड़ जुटी नहीं थी बल्कि बसों से भर कर लाई गई थी। भाजपा नेता से भले ही वह डिबेट नेकरें, लेकिन दिल्ली की जनता से तो खुले में बातचीत करें।