मामले की जांच और जिम्मेदारों की लापरवाही की जानकारी का पता प्रमुख रूप से तीन जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। फिलहाल पानी के सैंपल की रिपोर्ट मिल चुकी है। उसमें गड़बड़ी नहीं है। अब खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। दोनों रिपोर्ट मंगलवार को मिलने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि नियम के अनुसार आशा किरण होम में जब भी किसी की मौत होती है तब पोस्टमार्टम कराया जाता है। अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी आती है तो एसडीएम पुलिस को जांच करने के लिए कहते हैं।
इसके साथ ही यदि खाद्य पदार्थों में कोई गड़बड़ी होती है तो उसके लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है। उल्लेखनीय है कि जुलाई माह में आशा किरण गृह में रहने वाले 14 लोगों की मृत्यु इलाज के दौरान रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में हुई थी, वहीं मृतकों का पोस्टमार्टम हुआ था। मरने वाले 14 लोगों में एक किशोर, आठ महिलाएं और पांच पुरुष थे।
कई मरीजों के स्वास्थ्य में हुआ सुधार...
अधिकारियों ने बताया कि आशा किरण होम में रहने वाले कई लोगों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। हालांकि अभी भी कई लोग बीमार हैं उनका उपचार चल रहा है। वहीं दूसरी तरफ आशा किरण होम में मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर निकाला है। इसमें इमारत में खराब छोटी-मोटी चीजों की मरम्मत की जाएगी।