आखिरकार दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने 11 दिनों की हड़ताल को खत्म कर दिया है। एम्स आरडीए की ओर से प्रेस रिलीज कर इसकी जानकारी दी गई। वहीं एफएआईएमए संघ ने भी हड़ताल खत्म का एलान कर दिया है।
कोलकाता कांड को लेकर 11 दिनों से हड़ताल पर बैठे दिल्ली के एम्स अस्पातल के डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर दी है। एम्स ने एक प्रेस रिलीज कर बयान दिया कि राष्ट्र के हित में और जन सेवा की भावना से एम्स ने 11 दिन की हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है।
विज्ञापन
एम्स प्रशासन ने कहा कि यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट की अपील के बाद लिया गया है। निर्देश के जवाब में हड़ताल खत्म की है। हम आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना का संज्ञान लेने और देश भर में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के व्यापक मुद्दे को संबोधित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के प्रति अपनी हार्दिक सराहना व्यक्त करते हैं। यह बयान एम्स के आरडीए की तरफ से जारी किया गया है।
एम्स में चार सदस्यीय समिति का गठन
डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर एम्स द्वारा गठित समिति पर दिल्ली एम्स की प्रवक्ता डॉ. रीमा दादा ने जानकारी देते हुए कहा कि रेजिडेंट डॉक्टरों और छात्र संघ के साथ रोजाना बैठकें हो रही हैं। डीन एकेडमिक्स की अध्यक्षता में उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई गई है। 15 सदस्यीय समिति भी बनाई गई है जो आंतरिक सहयोगात्मक सुरक्षा ऑडिट करेगी। निदेशक ने सभी डॉक्टरों को आश्वासन दिया है कि उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
विज्ञापन
एफएआईएमए ने किया हड़ताल खत्म का एलान
भारत के सीजीआई के निर्देश के बाद फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफएआईएमए) ने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया है। हम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हैं। हम आगे भी कानूनी तौर पर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।