आनंद विहार के एक घर में लगी आग
- फोटो : जी पाल
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में एक रिहायशी इमारत में गुरुवार को आग लग गई। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर दमकल की सात गाड़ियां भेजी गईं।
उन्होंने बताया कि आग ने इमारत की दूसरी मंजिल और छत पर एक अस्थायी ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया। दूसरी मंजिल पर आग की वजह से घरेलू सामान के स्टोर का पूरा सामान जलकर राख हो गया है।
आग पर दोपहर एक बजकर 25 मिनट तक काबू पा लिया गया। आग में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है। आनंद विहार के सी-ब्लाक इलाके में एक एक तीन मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल के दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से दुकान में भगदड़ मच गई।
दुकान में मौजूद कर्मचारी व ग्राहक बाहर निकर कर इमारत के नीचे आ गए। आग की लपटें देखकर अगल-बगल के मकानों से भी लोग बाहर निकल आए। इसी दौरान घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है। आग से दुकान में जलकर राख हुए सामान के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।