मृतकों की पहचान रमजान और अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। दोनों जेजे कॉलोनी बवाना में परिवार के साथ रहते थे और कूड़ा बीनने का काम करते थे। यहां रहने वाले ज्यादातर लोग कूड़ा बीनकर अपना जीवन यापन करते हैं। शनिवार दिन में पुलिस को सीवर में दो युवकों के अचेत पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि दोनों की मौत हो चुकी है। पास ही बोरे में कूड़ा पड़ा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पता चला कि पुलिस को पता चला कि दोनों एक साथ कूड़ा बीनने के लिए जाते थे।
शनिवार को रोज की तरह दोनों बवाना इंडस्ट्रियल क्षेत्र में कूड़ा बीनने गए थे। पुलिस को आशंका है कि एक युवक पहले सीवर में कूड़ा बीनने के लिए घुसा। लेकिन जहरीली गैस के चपेट में आकर वह अचेत हो गया। जिसे देखकर दूसरा उसे बाहर निकालने के लिए घुसा लेकिन वह भी अचेत हो गया। दोनों काफी देर तक सीवर में पड़े रहे। वहां से जाने के दौरान एक राहगीर ने दोनों को अचेत देखकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।