दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने उत्तम नगर इलाके में 15 साल तक बंधक बनाकर रखी गई 29 वर्षीय युवती को छुड़वाया है। झारखंड निवासी युवती जब 14 वर्ष की थी, तभी से इस घर में बंधक थी। उससे घरेलू काम कराने वाली मालकिन के खिलाफ बिंदापुर थाने में आईपीसी की धारा 374 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीडब्ल्यू को इसकी शिकायत ई-मेल से मिली थी। युवती को एक प्लेसमेंट एजेंसी ने इस घर में रखवाया था, जो बाद में बंद हो गई।
ई-मेल पर मिली शिकायत में उत्तमनगर के एक बंगले में लड़की को बंधक बनाकर उससे जबरन घरेलू काम कराने की बात कही गई थी। डीसीडब्ल्यू ने इसके बाद दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर लड़की को छुड़वाया। लड़की ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसे 15 साल से कोई तनख्वाह नहीं दी गई है। उसको गालियां दी जातीं और पीटा जाता। घर से बाहर भी नहीं जाने दिया जाता था। इंटीरियर डिजाइनर मालकिन लड़की के साथ क्रूरता के साथ पेश आती थी।
वह तलाकशुदा है और डीयू में पढ़ रही बेटी के साथ रहती है। बेटा उच्च शिक्षा के लिए आस्ट्रेलिया में है। लड़की को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। डीसीडब्ल्यू ने पुलिस से मालकिन को गिरफ्तार करने और युवती की तनख्वाह दिलाने को कहा है। अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि अवैध रूप से चल रही प्लेसमेंट एजेंसियां मानव तस्करी का अड्डा बन गई हैं। उन्होंने सरकार से सभी प्लेसमेंट एजेंसियां रजिस्टर कराना सुनिश्चित करने को भी कहा है।