दिल्ली से चुनाव प्रचार कर कुछ समर्थकों के साथ वापस लौट रहे उत्तराखंड के एक विधायक की कार निजामपुर तिराहे के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में विधायक व उसके साथियों को मामूली चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को क्रेन के द्वारा सीधा कराया। सभी लोग बिना रुके रवाना हो गए।
उत्तराखंड के द्वारहाट क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश नेगी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए गए थे। बृहस्पतिवार सुबह वे दिल्ली से उत्तराखंड लौट रहे थे। एनएच-9 पर निजामपुर कट के पास ड्राइवर ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने विधायक और उनके साथियों को सकुशल कार से बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि सभी को मामूली चोटें ही आई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को सीधा कराया। विधायक उसी कार से गंतव्य को रवाना हो गए। कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि कार में सवार विधायक व उनके साथियों को मामूली चोटें थी, जिसके कारण वे बिना रुके उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए।