नियुक्ति पत्र पाकर परिजन काफी खुश हैं।
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के रिठौरी गांव की कुमारी प्रीति का बीएसएफ में एएसआई पद पर चयन हुआ है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्ति पत्र सौंपा। प्रधानमंत्री से नियुक्ति पत्र पाकर परिजन काफी खुश हैं। प्रीति के पिता ऑटो चालक हैं। वहीं, प्रीति ने वर्ष 2016 में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 93.5 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया था। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रीति को सम्मानित किया था।
रिठौरी गांव की कुमारी प्रीति के पिता रॉबिन कुमार ऑटो चालक हैं। हालांकि कक्षा 12 में प्रीति के अंक 78 प्रतिशत ही रहे, लेकिन प्रीति ने पढ़ना बंद नहीं किया और हाल ही में गाजियाबाद के एमएमएच कॉलेज से एमए की पढ़ाई पूरी की। प्रीति ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से एमए में स्वर्ण पदक भी जीता। 18 अक्तूबर को यूपी की राज्यपाल ने उनको यह पदक सौंपा। अब प्रीति का चयन बीएसएफ में एएसआई के पद पर हुआ है।
शनिवार को दिल्ली में आयोजित रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रीति को नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद से प्रीति और परिजन काफी खुश हैं। प्रीति ने कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई किसान मजदूर आदर्श इंटर कॉलेज रिठौरी से की है। स्कूल प्रबंधन भी प्रीति की सफलता से काफी खुश है।
ऑटो चलाकर पिता ने बच्चों को बनाया कामयाब
पिता रॉबिन ने ऑटो चलाकर अपने चारों बच्चों को कामयाब बना दिया। प्रीति का चयन बीएसएफ में हुआ है। जबकि एक भाई चार्टेड अकाउंटेंट है और इस समय एक निजी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दूसरा भाई आईआईटी मद्रास से बीटेक कर रहा है। वहीं, बहन बीएड करने के बाद एलएलबी कर रही है।