हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया इनामी बदमाश कानूनी दांव पेच बखूबी जानता है। खुद को घिरा हुआ देख आरोपी ने पहले अपनी कनपटी पर पिस्टल लगाकर पुलिस को पीछे हटने के लिए कहा, ताकि पुलिस दबाव में आ जाए और वह फरार हो सके। एसटीएफ टीम पीछे नहीं हटी तो आरोपी ने खुद ही अपने पैर में गोली मार ली और फैक्टरी में लगे सीसीटीवी के सामने जाकर गिर गया।
आरोपी इतना शातिर है कि पुलिस कैमरे के सामने नीचे गिरे हुए बदमाश का एनकाउंटर नहीं करेगी। घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया जाएगा और तय समय में ही अदालत में पेश करना पड़ेगा। आरोपी कुछ माह पहले पल्ला इलाके में इसी तरह हवाई फायर कर पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया था। आरोपी को बीके अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है। आरोपी गैंगस्टर काला जठेड़ी को अपना आदर्श मानता है। साल 2021 में मनीष की मुलाकात नीमका जेल में बंद काला जठेड़ी से हुई थी। मनीष साल 2020 में एसजीएम नगर में की गई हत्या का मामले में नीमका बंद था।
ज्ञानेंद्र ने दिया था खुला चैलेंज, हथौड़ों से पीटकर उतारा मौत के घाट
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मनीष पर पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद के थानों में मारपीट, हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट आदि के करीब 14 मामले दर्ज हैं। आरोपी के मुताबिक पलवल निवासी ज्ञानेंद्र उर्फ भोला नाम के युवक ने उसे खुला चैलेंज दिया था। 12 अप्रैल को ज्ञानेंद्र दोस्तों के साथ सोहना के लाखूवास गांव स्थित एक फार्म हाउस में पार्टी करने गया था। मनीष अपने साथियों के साथ वहां गया और ज्ञानेंद्र को खेतों में घेर लिया। आरोपियों ने लाठी और हथौड़ों से पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। लोगों में अपना भौकाल बनाने के लिए आरोपियों ने उसकी पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने भारत असावता, मनीष, रोहित, कपिल पंडित पलवल, राजेश फुलवादी, अजय बेहरोला, आजाद सोहना, ललती गुणनिका सहित कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। इसमें से पुलिस 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एक युवक की हत्या करने की फिराक में पल्ला आया था मनीष
सूत्रों के मुताबिक आरोपी मनीष अपने एक अन्य साथी के साथ पल्ला इलाके में एक युवक की हत्या करने की फिराक में था। आरोपी के पास 30 एमएम की पिस्टल व अन्य हथियार थे। दूसरा आरोपी पुलिस की भनक लगते ही मौका देखकर भाग निकला। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है कि वह किसकी हत्या करने आया था। हथियार कहां से लाया और किसने यहां छिपने में मदद की थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में लगी है।